भाषा बदलें

बसवराज बोम्मई होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, येदियुरप्पा ने किया नाम का प्रस्ताव

बसवराज बोम्मई कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में बसवराज बोम्मई को विधायक दल का नेता चुना गया। येदियुरप्पा ने उनके नाम का प्रस्ताव किया। उनके पिता भी सीएम रह चुके हैं। बोम्मई बुधवार या गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बसवराज बोम्मई पूर्व मुख्यमंत्री एसआर बोम्मई के बेटे हैं। वह येदियुरप्पा के बेहद करीबी हैं और लिंगायत समुदाय से आते हैं।

 येदियुरप्पा का पैर छूकर आशीर्वाद लिया

विधायक दल की बैठक में बसवराज बोम्मई के नाम का बीएस येदियुरप्पा ने प्रस्ताव रखा। गोविंद करजोल ने प्रस्ताव का समर्थन किया  जिसपर सभी विधायकों ने सहमति जताई। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बोम्मई ने येदियुरप्पा का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

बसवराज के पिता भी रहे हैं कर्नाटक के मुख्यमंत्री

जनता दल से राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले बसवराज बोम्मई येदियुरप्पा सरकार में गृह मंत्री रहे हैं। बसवराज बोम्मई लिंगायत समुदाय से आते हैं। उनका जन्म 28 जनवरी 1960 को हुआ। उनके पिता एसआर बोम्मई भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। साथ ही उनके पिता केन्द्र में मानव संसाधन विकास मंत्री रहे हैं।

राजनीति में इंजीनियरिंग का दिमाग

बसवराज बोम्मई 2008 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और तब से लगातार पार्टी में ऊपर चढ़ते चले गए। गृह मंत्री बनने से पहले राज्य में जल संसाधन मंत्री रहे हैं। वह टाटा समूह में बतौर इंजीनियर काम कर चुके हैं।

धर्मेंद्र प्रधान और अरूण सिंह बने रणनीतिकार

कर्नाटक में येदियुरप्पा का विकल्प चुनना बीजेपी के लिए आसान नहीं था। लेकिन केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक प्रभारी अरूण सिंह ने अपनी सधी हुई रणनीति के तहत 24 घंटे के भीतर नए सीएम के नाम पर सहमति जुटाने में कामयाबी हासिल कर ली। विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के साथ बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक- केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जी किशन रेड्डी- भी शामिल हुए। जबिक इससे पहले दिन में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक प्रभारी अरूण सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील के साथ येदियुरप्पा से मुलाकात की थी।